बालोद नगर पालिका में एक ऐसे पार्षद हैं, जिन्होंने लगातार चार बार जीत का परचम लहराया है। कमलेश सोनी नाम के इस पार्षद ने अब पांचवीं बार चुनावी मैदान में उतरकर नया इतिहास रचने की ठानी है। नगर पालिका परिषद बालोद में कमलेश सोनी के नाम लगातार चार बार जीत का रिकॉर्ड दर्ज है। यहां अन्य प्रत्याशियों में अनिल यादव और उनकी पत्नी भी दो-दो बार चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। इसी तरह रमेश मालेकर भी चार बार पार्षद रहे हैं, लेकिन वे लगातार जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो पाए। भाजपा से चुनाव लड़ रहे कमलेश सोनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता का लगातार समर्थन मिलने के लिए वे आभारी हैं। उन्होंने भाजपा की तारीफ करते हुए कहा कि यही एक ऐसा दल है जो प्रतिभा को पहचान कर टिकट देता है, शायद इसीलिए वे अब तक अजेय हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सोनी ने कहा कि पिछले 10 सालों से बालोद नगर पालिका में विकास का सूखा पड़ा है। उन्होंने भ्रष्टाचार को समाप्त करने और शहर के विकास के लिए फिर से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उनका मानना है कि जनता जागरूक है और इस बार भाजपा को वोट देकर शहर में नई सरकार बनाएगी।


