छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र अबूझमाड़ में नई कंपनी ऑपरेटिंग बेस (चौकी) की स्थापना की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने ये पहल की। कोडलियार, नारायणपुर से लगभग 5 किलोमीटर दूर कुतुल इलाके में यह बेस लगाया गया है। मिशन कगार-2026 के तहत नक्सल उन्मूलन अभियान को तेज करने के लिए आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी ने इस काम का नेतृत्व किया। नक्सली गतिविधियों पर लगेगा अंकुश डी.आई.जी. राणा युद्ध वीर सिंह ने कहा ITBP की कुतुल चौकी खुलने से वहां निवास करने वाली आबादी के मन से डर खत्म होगा और उनके दिल में सुरक्षा की भावना पैदा होगी। साथ ही नक्सलियों के मंसूबों पर काफी हद तक लगाम लगेगी और क्षेत्र की जनता को देश की मुख्य धारा से जोड़ने का रास्ता भी खुलेगा। नक्सल विरोधी अभियान के तहत लगाया बेस इस अवसर पर डी.आई.जी. राणा युद्धवीर सिंह के अलावा, 53वीं वाहिनी के सेनानी अमित भाटी, 41वीं वाहिनी के सेनानी नरेंद्र सिंह, काकेर रेंज के डी.आई.जी. अमित कामले, नारायणपुर के SP प्रभात कुमार समेत डी.आर.जी. और छत्तीसगढ़ पुलिस की टीमें उपस्थित रहीं। यह कदम भारत सरकार की नक्सल विरोधी रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य साल 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त करना है।


