बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी कस्बे में रविवार अलसुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी बिना नंबरी इनोवा कार से 3 क्विंटल 8 किलो 365 ग्राम अवैध डोडा–पोस्त बरामद किया है। नाकाबंदी तोड़कर भागी कार को रोकने के लिए पुलिस ने रोड पर स्टॉपर लगाए, जिससे कार के टायर पंक्चर हो गए। इसके बावजूद तस्कर कार को करीब एक किलोमीटर तक दौड़ाते हुए कृषि मंडी के पास गड्ढों में छोड़कर फरार हो गए। घटना अहिंसा सर्किल, गुड़ामालानी की है। पुलिस ने तस्करों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे मौके से भागने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। इनोवा में 16 कट्टों में 46 लाख रुपए के डोडा-पोस्त मिले है। ऐसे हुई पूरी कार्रवाई गुड़ामालानी थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया-पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना नंबर की इनोवा कार में भारी मात्रा में डोडा–पोस्त भरकर गुड़ामालानी की ओर लाई जा रही है। इस पर अहिंसा सर्किल पर मजबूत नाकाबंदी की गई। जब संदिग्ध इनोवा कार पहुंची तो पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन कार ड्राइवर तेज रफ्तार में कार भगा ले गए। पहले से लगाए गए स्टॉपर में चढ़ने से गाड़ी के टायर पंक्चर हो गए, बावजूद इसके तस्कर कार दौड़ाते रहे। पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन गुड़ामालानी कृषि मंडी के पास अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर कार छोड़कर भाग गए। प्रारंभिक जांच में इनोवा चोरी की है।


