भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से 13 मई को एक नाबालिग प्रेमी अपनी नाबालिग प्रेमिका को लेकर फरार हो गया था। इस मामले में लड़की के पिता ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर लड़के पर अपहरण का आरोप लगाया। आवेदन को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। प्रेमी-प्रेमिका की तलाश में गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और देवघर जिलों के सभी थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस की कार्रवाई तेज होते देख दोनों ने गुरुवार को थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। थाना प्रभारी ने दोनों को हिरासत में लिया। लड़की की मेडिकल जांच करवाई गई। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह हजारीबाग भेज दिया गया।


