भास्कर न्यूज | लुधियाना बाड़ेवाल रोड स्थित ज्ञान मंदिर में आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर भक्तिमय वातावरण में हवन यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व शांति और गुरुजी की दीर्घायु की कामना की। हवन के बाद भजन-कीर्तन का कार्यक्रम हुआ, जिसमें मुनीष चोपड़ा ने वक्रतुण्ड महाकाय, लम्बोदर हे विघ्नेश्वर, वक्रतुण्ड गणनायक, मांगलमूर्ति मोरया, सिद्धिविनायक मोरया, राधे गोविंद जैसे भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महासुदर्शन क्रिया रही, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस क्रिया का नेतृत्व प्रशिक्षित आर्ट ऑफ लिविंग शिक्षकों ने किया। ध्यान और प्राणायाम से लोगों ने आत्मिक शांति का अनुभव किया। आयोजकों ने बताया कि इस क्रिया का उद्देश्य मानसिक और शारीरिक शुद्धि के साथ जीवन में सकारात्मकता लाना है। इस अवसर पर श्री श्री वेलबीइंग डिस्पेंसरी का उद्घाटन भी किया गया। यह केंद्र आयुर्वेदिक और ओस्ट्रोपैथी चिकित्सा पद्धति पर आधारित है, जहां रोगियों को प्राकृतिक और समग्र उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य लोगों को दवा रहित और संतुलित जीवन की ओर प्रेरित करना है। कार्यक्रम में राजन मित्तल, मुनीष चौपड़ा, सुधरी चौपड़ा, रजिनी चावला, रेखा मित्तल, अनिता चौपड़ा, अशोक शर्मा, मोनिका जिंदल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।


