लहार विधायक ने 14 घंटे लोगों की समस्याएं सुनीं:नामांतरण, सीमांकन काम में देरी की शिकायत; अम्बरीश शर्मा बोले- जन सेवा से मिलता सुकून

भिंड जिले के लहार विधायक अम्बरीश शर्मा ने लगातार 14 घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं। करीब 300 लोगों की शिकायत का निराकरण हुआ। लोगों को थाना, तहसील, बिजली, जलापूर्ति और सफाई आदि की समस्याएं थीं। विधायक ने कहा जनता की सेवा करना ही मेरा धर्म है। जब मैं जनता की समस्याएं सुनकर समाधान करता हूं तो मन को सच्चा सुकून मिलता है। दरअसल वह शनिवार को सुबह 8 बजे से लेकर रात 10 बजे तक जन समस्या कार्यक्रम में रहे। कार्यक्रम में लहार, मिहोना, आलमपुर, दबोह, मछंड, रावतपुरा, रहावली, असवार सहित कई गांवों के नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे। कुछ समस्याओं का समाधान तुरंत हुआ, जबकि अन्य को संबंधित विभागों को भेजा गया। विधायक अम्बरीश शर्मा का जन समस्या कार्यक्रम हर सप्ताह शनिवार को आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि ग्रामीणों और नगरवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, बल्कि एक ही स्थान पर समाधान मिल सके। पटवारियों की लापरवाही सामने आई
पहले कार्यक्रम में सबसे ज्यादा शिकायतें पटवारी और सचिव स्तर की लापरवाहियों को लेकर सामने आईं। लोगों ने नामांतरण लंबित रहने, सीमांकन न कराने और पंचायत कार्यों में देरी जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। विधायक ने मौके पर ही कई अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ जटिल मामलों की रिपोर्ट एसडीएम लहार को प्रस्तुत कराई गई। विधायक बोले- जनसेवा जीवन का सुकून
दैनिक भास्कर डिजिटल से चर्चा में विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा लोग मुझे विधायक कहते हैं, लेकिन मैं खुद को जनता का सेवक मानता हूं। जनता की सेवा करना ही मेरा धर्म है। राधारानी की कृपा से मुझे यह अवसर मिला है। जब मैं जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनता हूं और उनका समाधान करता हूं, तो मन को सच्चा सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह जन समस्या कार्यक्रम हर शनिवार आयोजित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र का हर व्यक्ति अपनी बात सीधे उनके सामने रख सके और उसका समाधान हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *