बैतूल बाजार नगर परिषद में कार्यरत महिला लिपिक और जलप्रदाय विभाग शाखा के वॉल्वमैन के शव बुधवार को बयावाड़ी के पास एक ही कुएं में मिले। दोनों मंगलवार रात से लापता थे। महिला के घर पर सुसाइड नोट मिलने पर परिजनों ने मंगलवार रात करीब 10 बजे बैतूलबाजार थाने में शिकायत की। पुलिस युवक का मोबाइल ट्रेस कर रात करीब 2.30 बजे बयावाड़ी गांव पहुंची, जहां कुएं के पास बाइक और चप्पल दिखी। पुलिस ने दोनों शव कुएं से निकालकर जिला अस्पताल भेजा। मृतकों की पहचान रजनी डुंडेले (48) और मिथुन पवार (29) के रूप में हुई है। रजनी का एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने लिखा कि मिथुन को बेटे जैसा मानती थी, लेकिन ऑफिस में गलत टिप्पणियां की जाती थीं, जिससे वह तनाव में थी। थाना प्रभारी अंजना धुर्वे का कहना है कि सुसाइड नोट में महिला ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। लेकिन नोट में महिला की ही राइटिंग है कि नहीं उसकी जांच की जा रही है।


