लांजी वनक्षेत्र में भालू ने मजदूर पर किया हमला:बालाघाट में बांस कटाई के दौरान घायल; वन विभाग ने दी ₹1000 की सहायता

बालाघाट के लांजी वनक्षेत्र में बांस कटाई कर रहे एक मजदूर पर मादा भालू ने हमला कर दिया। यह घटना सेती बीट के कक्ष क्रमांक 328 भाग-एक में हुई, जिसमें मजदूर बुधराम टेकाम घायल हो गया। उसे लांजी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भालू के हमले से मजदूर को बाएं हाथ में चोटें आई है। जान बचाने के लिए उसने हाथ-पैर चलाए। इस दौरान उसकी पत्नी रैवंती और अन्य मजदूरों ने शोर मचाकर भालू और उसके बच्चों को भगाया, जिससे मजदूर की जान बच सकी। हमले के बाद, बीट में मौजूद मजदूरों ने घायल के हाथ पर कपड़ा बांधा। उन्हें लगभग चार किलोमीटर पैदल चलकर पक्के रास्ते तक पहुंचाया गया। वहां से एक वाहन की मदद से उसे सिविल अस्पताल लांजी ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वन विभाग के बीट गार्ड ने मजदूर से मुलाकात की घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के संबंधित बीट गार्ड ने सिविल अस्पताल पहुंचकर मजदूर से मुलाकात की। विभाग ने उपचार के लिए उसे मात्र 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है। इस घटना ने वन्य प्राणी हमले में मिलने वाली सहायता राशि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घायल मजदूर को संक्रमण का खतरा है और वह अपनी रोजी-रोटी से भी हाथ धो बैठा है। परिवार को घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए किराए का वाहन भी करना पड़ा। यह विचारणीय है कि क्या 1,000 रुपए की राशि उसके संपूर्ण इलाज और नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त होगी। भालू को हिंसक वन्य प्राणी की श्रेणी में रखा जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *