विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पिछले छह महीनों से सूने घरों में हो रही चोरियों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर चोर और चोरी का सोना खरीदने वाले ज्वेलरी व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 22 लाख रुपए कीमत के आभूषण मिले हैं, जिनमें 15 तोला सोना और 4 किलो चांदी शामिल है। तीन अलग-अलग घरों में छह महीने में चोरी 22 मई को रॉयल सिटी में चोरी हुई थी। इसके बाद 23 सितंबर को साईं ओरा कॉलोनी निवासी प्रमोद खटीक के घर ताले तोड़कर चोरों ने 15 तोला सोना और 5.5 लाख रुपए नकद चुरा लिए थे। उस समय उनका परिवार नंदवाना में देवी प्रतिमा स्थापना में गया हुआ था। 18 अक्टूबर को आज्ञाराम कॉलोनी के सूने घर से भी लाखों के जेवर चोरी किए गए। पुलिस ने बनाई स्पेशल टीम, 180 सीसीटीवी फुटेज खंगाले थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा के अनुसार लगातार वारदातों को रोकने के लिए एक विशेष जांच टीम बनाई गई। टीम ने तीनों घरों के सीसीटीवी फुटेज, फिंगरप्रिंट, मुखबिरों की सूचना और मैदानी पतारसी के आधार पर गहन जांच की। पुलिस ने 180 से अधिक सीसीटीवी फुटेज देखे और 130 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। चार आरोपी चिन्हित, एक गिरफ्तार, तीन फरार जांच में सामने आया कि तीनों चोरियां रायसेन जिले के गुलगांव निवासी चार आरोपियों ने की थीं। ये सभी किसी अन्य मामले में रायसेन जेल में बंद थे। जेल से रिहा होने के बाद पुलिस ने जब उनके घरों पर दबिश दी तो तीन आरोपी फरार हो गए। ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश मोंगिया पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चोरी का सोना ज्वेलरी व्यापारी को बेचता था आरोपी पूछताछ में ओमप्रकाश ने स्वीकार किया कि वह चोरी का सोना तिलक चौक निवासी ज्वेलरी व्यापारी नारायण सोनी को बेचता था। पुलिस ने नारायण सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने से सोने की गली हुई भट्टी, सोने का हार, चांदी के कंगन, पायल, बिछुए, सिक्के और अन्य जेवर जब्त किए गए हैं।


