जैतारण उपखंड के लांबिया में राज्य सरकार के ‘ग्राम-2026’ अभियान के तहत आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शिविर में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं का तत्काल, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने बताया कि ग्राम उत्थान शिविरों का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे गांव और खेत तक पहुंचाना है। इसका लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी बिना किसी बाधा के इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। उन्होंने जोर दिया कि इन शिविरों से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर प्रशासन को जनता के और निकट लाया जा रहा है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया संवाद
इस अवसर पर जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने भी ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम उत्थान शिविर दो चरणों में नजदीकी गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न जाए। शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है, और द्वितीय चरण का आयोजन 5 से 9 फरवरी तक है। इन शिविरों में किसानों को ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकलर सिस्टम और सोलर पंप जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी व डेमो दिए जा रहे हैं। पशुपालकों को पशु बीमा, निःशुल्क टीकाकरण और डेयरी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। इसके अतिरिक्त, किसानों को मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड और उन्नत बीजों का वितरण भी किया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के लंबित आवेदनों का मौके पर पंजीकरण कर लाभार्थियों को लाभ से जोड़ा जा रहा है।


