दौसा में डेयरी व पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के साथ बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, डेयरी मंत्री जयपुर से बांदीकुई क्षेत्र के झूंपडीन गांव जा रहे थे। इस दौरान आगरा रोड स्थित डेयरी परिसर में स्वागत कार्यक्रम रखा गया था। जहां ड्राइवर द्वारा मंत्री की कार का गेट खोलते वक्त पीछे से आ रही दूसरी कार ने गेट को टक्कर मार दी। अचानक हुए घटनाक्रम से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों व डेयरी अधिकारियों में खलबली मच गई। हालांकि दोनों गाड़ियों में हुई टक्कर से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मंत्री के स्टॉफ और दूसरी कार सवारों में बहस हो गई। मंत्री ने एसपी सागर राणा को घटना की सूचना देकर आगे के लिए रवाना हो गए। यात्रियों की कार को पुलिस ने मौके पर ही रुकवा दिया। जहां मौजूद हाईवे एस्कॉर्ट के पुलिस जाप्ते ने यात्रियों की कार को रूकवाकर सदर थाना पुलिस को घटनाक्रम की सूचना दी। मौके पर बड़ी तादाद में लोगों की भीड़ जुड़ गई। थाना इंचार्ज मुकेश चौधरी ने घटनाक्रम की जानकारी लेकर यात्रियों को सदर थाना ले गए। टक्कर में यात्रियों की कार को मामूली नुकसान हुआ है। यह बोले कार सवार… कार सवार यात्रियों का कहना है कि वे जयपुर से लखनऊ जा रहे थे कि सड़क पर कई गाड़ियों को काफिला खड़ा हुआ था। जिसके पास से गुजरते वक्त एक कार का गेट अचानक से खुला, जिससे उनकी कार टकरा गई। इसमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने उनकी गाड़ी को बेवजह रूकवा लिया। अब पुलिस द्वारा हमें आगे के लिए जाने नहीं दिया जा रहा और बेवजह परेशान किया जा रहा है।


