करौली एसीबी ने बसेड़ी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर डिस्कॉम के एक लाइनमैन को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी लाइनमैन ने घरेलू बिजली कनेक्शन का मीटर बदलने और उसकी रीडिंग को शून्य करने के एवज में यह राशि मांगी थी। गिरफ्तार लाइनमैन की पहचान लोकेश कुमार मीना के रूप में हुई है। जो नयावास फीडर, बसेड़ी कार्यालय सहायक अभियंता (ओ एंड एम) जयपुर डिस्कॉम, धौलपुर में कार्यरत है। एसीबी करौली इकाई ने 17 सितंबर 2025 को नगर पालिका बसेड़ी में परिवादी से 4 हजार रुपए लेते हुए उसे पकड़ा। रिश्वत की यह राशि लोकेश कुमार मीना की शर्ट की जेब से बरामद की गई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्यवाहक महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी चौकी करौली को एक शिकायत मिली थी। इसमें परिवादी ने बताया कि उसके पिता के नाम पर स्वीकृत घरेलू विद्युत कनेक्शन के मीटर की रीडिंग को शून्य करने और मीटर बदलने के लिए उससे 6 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज ने यह ट्रैप कार्रवाई की। इसी दौरान लोकेश कुमार मीना को परिवादी से 4 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। एसीबी द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


