डीडवाना-कुचामन जिले में आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन तेजी से भूमि आवंटन कर रहा है। इसी क्रम में, जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर लाडनूं में राजकीय उप जिला अस्पताल के लिए भूमि आवंटित की गई है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास को गति देने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि उप जिला अस्पताल के लिए भूमि नगर पालिका को हस्तांतरित कर आवंटन संबंधी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। जिला कलेक्टर डॉ. खड़गावत के निर्देशों का पालन करते हुए, नगर पालिका लाडनूं ने मौजा लाडनूं के खसरा संख्या 1143 में से 15,565.15 वर्ग मीटर भूमि राजकीय उप जिला अस्पताल के लिए आवंटित की है। इस खसरे का कुल रकबा 2.3795 हेक्टेयर है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने आगे बताया कि जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में विभिन्न जन सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए लगातार भूमि आवंटन की कार्यवाही की जा रही है। इसमें राजकीय विभागों के कार्यालयों, विद्यालयों और खेल मैदानों के लिए भी भूमि शामिल है।


