जांजगीर | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की कार्यवाही चल रही है। इस संबंध में कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ईआरओ, एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों और सी-केटेगरी (नो मैपिंग) में चिन्हांकित मतदाताओं के नोटिस जारी करने एवं उनकी तामिली की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि चिन्हांकित मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी कर सुनवाई की जा रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की सभी कार्यवाही समय-सीमा में और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जोड़ने से वंचित न रहे। इसके अलावा, स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में फॉर्म-6 को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।


