लातेहार के बीपीओ की मनमानी से मजदूर कर रहे पलायन : अमित

भास्कर न्यूज | लातेहार जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और जनहित मुद्दों के खिलाफ शनिवार को आजसू पार्टी ने नगर पंचायत भवन के पास धरना दिया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि लातेहार प्रखंड के बीपीओ द्वारा योजनाओं में मनमानी तरीके से पैसे की वसूली की जा रही है। लाभुकों से जबरन पैसे की मांग की जा रही है। जिस कारण योजनाएं ठप हो गई हैं। लातेहार प्रखंड में पहले हर सप्ताह 7 से 8 हजार मजदूरों की डिमांड लगती था। अब स्थिति यह है कि 2 हजार मजदूरों की भी डिमांड नहीं लग रही है। मजदूरों को काम नहीं मिल रहा, जिससे वे पलायन को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने बीपीओ को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आगे कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सिर्फ सरकारी आवास के आसपास सफाई होती है। बाकी जगहों की हालत खराब है। जब तक पूरे शहर में सुविधाएं नहीं दी जाएंगी, तब तक होल्डिंग टैक्स बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि लातेहार उत्पाद विभाग के संरक्षण में शराब माफिया सक्रिय हैं। शराब दुकानों में प्रिंट रेट से ज्यादा वसूली हो रही है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश सिंह ने कहा कि लातेहार के कई इलाकों में कोयला खनन होना है। भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है। उस भूमि पर आईटीडीए विभाग द्वारा सरना और मसना का कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में सरकारी पैसे का दुरुपयोग क्यों किया जा रहा है। धरना के बाद मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को चार सूत्री मांग पत्र सौंपा गया है। मौके पर वीरेंद्र ठाकुर, सरोज लोहरा, कमलदेव उरांव, नीरज कुमार, संदीप कुमार, सागर कुमार, विक्रम कुमार, धर्मेंद्र प्रसाद, विकास साहू, सुमित सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *