लातेहार में एक घर से चोरों ने पांच लाख रुपए के आभूषण समेत 70 हजार रुपए के कैश की चोरी कर ली। घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। घटना बरवाडीह थाना के चमरडीहा अंतर्गत 17 सी रेल फाटक के पास हुई। पीड़ित भगवान प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की रात भोजन करने के बाद सभी सदस्य सो गए। सुबह नींद खुली तो पीछे का दरवाजा खुला और टूटा मिला। वहीं, मुख्य कमरे में रखे सभी सामान बिखरे और आलमारी खुली हुई थी। उन्होंने बताया कि आलमारी की जांच की तो गहने और नगद समेत अन्य सामान गायब थे। वारदात के बाद चोरों ने आभूषण के बैग समेत कई सामग्री को बाहर फेंक दिया था। इधर, घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधे श्याम कुमार मौके पर पहुंच मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


