बरियातू थाना क्षेत्र के बोड़ेया रोड स्थित मुंडा होटल में बैठकर जमीन कारोबारियों से रंगदारी वसूलने का प्लान बना रहे तीन अपराधियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के नाम दीपक कुमार, अंकुश कुमार और अंकित कुमार हैं। दीपक व अंकुश बरियातू स्थित चिरौंदी, जबकि अंकित एदलहातु का रहने वाला है। इन अपराधियों के पास से पुलिस ने दो पिस्टल और 5 गोली के अलावा 50 हजार नगद बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दीपक ने बताया है कि कालू लामा की हत्या के बाद जमीन कारोबारियों के मन से गैंग का खौफ खत्म हो गया है। रंगदारी देना सभी ने बंद कर दिया है। ऐसे में हाल के दिनों में जमीन के कारोबार में लिप्त लोगों के नाम की लिस्ट तैयार करने का प्लान था। लिस्ट तैयार होने के बाद उनसे रंगदारी मांगने की योजना थी। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दीपक ने यह भी बताया कि बरामद पैसे भी रंगदारी में वसूले गए थे। हालांकि उस कारोबारी का नाम पुलिस को नहीं बताया, जिसने पैसा दिए थे। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। कालू की हत्या के बाद खत्म हो गया खौफ, तो दीपक ने संभाला गिरोह 27 जनवरी 2022 की दोपहर मोरहाबादी में कालू लामा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लवकुश शर्मा गिरोह से हुए गैंगवार में कालू लामा मारा गया। इसके बाद राजधानी में रहने वाले लोगों के मन से लामा गिरोह का खौफ पूरी तरह से खत्म हो गया। लामा गिरोह में काम करने वाले अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिसके बाद पूरा गिरोह ही समाप्त हो गया। इक्का-दुक्का बचे हुए सदस्य को राजधानी में रहने वाले कारोबारियों ने रंगदारी देना पूरी तरह से बंद कर दिया। तीन वर्ष बाद दीपक ने गिरोह की कमान संभालनी चाही, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। बरियातू इलाके में वर्चस्व स्थापित करने के लिए पहले भी बिट्टू खान की हत्या के आरोपी हैं।


