लुधियाना| लुटेरे की मौत के बाद शव पार्क में फेंकने के मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मियों पर मामला दर्ज किया। इसको गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। नामजद कर्मियों की पहचान बलराज सिंह, सपन मिश्रा, अंकित व दिलीप झा के रूप में हुई। मंगलवार देर रात समराला चौक से चीमा चौक जाने वाली लिंक रोड पर पेट्रोल पंप में वारदात के लिए 3 लोग घुस आए थे। इनमें से एक को वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड व पंप कर्मियों ने पकड़ लिया था। उन लोगों ने पकड़े गए आरोपी को पिलर से बांध दिया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी की मौत का पता चलने पर कर्मियों ने शव को उठाया और साथ लगते पार्क में फेंक दिया। फिलहाल अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।


