शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आज लुधियाना के खन्ना में पहुंचेंगे। सुखबीर बादल खन्ना में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना के दौरान शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज यादविंदर सिंह यादू को काउंटिंग सेंटर से गिरफ्तार करने के मामले में एसएसपी से मिलेंगे। दरअसल पुलिस ने यादविंदर सिंह यादू व उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस आज यादू को अदालत में भी पेश करेगी। इस घटना के बाद सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है। वहीं सुखबीर बादल एसएसपी से मिलने के बाद कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे। सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई धाराओं में केस यादू की गिरफ्तारी के विरोध में अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड जाम कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें भी गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि सिटी थाना 2 में यादू और उनके साथियों पर ड्यूटी में बाधा डालने सहित कई अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आज यादू और उनके साथियों को खन्ना कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी रिमांड लेने का प्रयास करेगी। सरकार ने की लोकतंत्र की हत्या जिलाध्यक्ष परमजीत सिंह ढिल्लों ने इस कार्रवाई को “धक्केशाही” और “लोकतंत्र की हत्या” करार देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी हार देखकर बौखला गई है। ढिल्लों ने बताया कि सुखबीर बादल हर कार्यकर्ता के साथ खड़े हैं और खन्ना आएंगे, हालांकि उनके आने का समय अभी तय नहीं हुआ है। सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की यादू की गिरफ्तारी का वीडियो सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें यादू को काउंटिंग सेंटर से पुलिस द्वारा ले जाते हुए दिखाया गया है। उन्होंने लिखा कि पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेशों पर शिरोमणि अकाली दल के मुख्य सेवक यादविंदर सिंह यादू को खन्ना में काउंटिंग सेंटर से जबरन उठा लिया। बादल ने आरोप लगाया कि इससे शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने पहले जिला परिषद चुनाव जीतने के लिए अकाली उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल नहीं करने दिया, फिर मतदान के दिन बूथों पर कब्जा किया, और अब मतगणना के दिन भी सरकार की “दादागिरी” जारी है। सुखबीर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके साथियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जितना चाहें उतना बल प्रयोग कर लें, शिरोमणि अकाली दल के नेता और कार्यकर्ता अब दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल के तूफान को अब रोका नहीं जा सकता।


