लुधियाना के कंगनवाल में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां स्थित एक स्क्रैप टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका में काले धुएं छा गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन लाखों का माल जलकर खाक हो गया। जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 8 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोदाम से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। टायरों में आग लगने के कारण काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में दिखाई दे रहा था जिससे आसपास की फैक्ट्रियों के मजदूरों और रिहायशी इलाके के लोग घरों से बाहर आ गए । शॉर्ट सर्किट बना कारण, तेल निकालने का काम होता था शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गोदाम में पुराने स्क्रैप टायरों को जलाकर उनसे तेल निकालने का काम किया जाता था। टायरों में तेल और केमिकल की मौजूदगी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आईं। फायर ब्रिगेड ऑफिसर दिनेश कुमार ने बताया हमें सुबह 8 बजे सूचना मिली थी कि कंगनवाल की एक टायर गोदाम में आग लगी है। पहले एक गाड़ी भेजी गई लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत और गाड़ियां मंगवाई गईं। कुछ गाड़ियों को पास के पॉइंट से रिफिल भी करवाया गया। कुल 6 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। कई घंटों की मशक्कत के बाद लपटों को शांत किया।


