भास्कर न्यूज | लुधियाना भारतीय योग संस्थान के संस्थापक प्रकाश लाल की 17वीं पुण्यतिथि के मौके पर लुधियाना के अलग-अलग इलाकों में चल रहे योग केंद्रों पर स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान योग साधकों ने प्रकाश लाल के योग, मानव सेवा और समाज सुधार में दिए योगदान को याद किया। संस्थान की शुरुआत 10 अप्रैल 1967 को दिल्ली में प्रकाश लाल ने की थी। आज यह संस्थान देश-विदेश में करीब 4,500 से अधिक केंद्रों के जरिए लोगों को पूरी तरह मुफ्त योग की ट्रेनिंग दे रहा है। लुधियाना में भी संस्थान के लगभग 100 केंद्र चल रहे हैं जहां रोज हजारों लोग योग अभ्यास का फायदा उठा रहे हैं। स्मृति दिवस पर शहर के सभी केंद्रों में विशेष योगासन, प्राणायाम, ध्यान और प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस मौके पर पंजाब प्रांत के प्रधान कुंदन विरमानी, वरिंदर धीर, प्रवीण शर्मा, देवी सहाय टंडन, भीमसेन, लुधियाना पूर्वी जिला प्रधान सुमन विरमानी, डॉ. धर्म सिंह, रविंद्र सिंगला, सुमन कुमार जैन, कर्मजीत सिंह भोला, जोन अधिकारी अमिता सिंगला, मंत्री अशोक भूटानी, संरक्षक विजय भाटिया सहित कई पदाधिकारी, योग शिक्षक और साधक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विश्व शांति, मानव कल्याण और बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की गई।


