लुधियाना पहुंचे पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव:अनुराग वर्मा ने पूर्वी तहसील में की छापेमारी, रजिस्ट्री विभाग का रिकार्ड चेक किया, लोगों से बातचीत

पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव सह वित्त आयुक्त राजस्व (एफसीआर) अनुराग वर्मा ने आज लुधियाना पूर्वी तहसील परिसर पर अचानक छापेमारी की। यहां उन्होंने लोगों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का दौरा किया और चल रही रजिस्ट्री प्रक्रियाओं के अलावा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की। अनुराग वर्मा ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जनता को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से घर-घर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी जांच के दौरान उन्होंने तहसील परिसर में ग्राउंड लेवल पर हो रहे कार्यों को चेक किया। रजिस्ट्री रिकॉर्ड का किया निरीक्षण वर्मा ने रजिस्ट्री रिकॉर्ड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि रजिस्ट्री दस्तावेजों पर खरीदारों और विक्रेताओं के मोबाइल नंबर अवश्य अंकित किए जाएं। उन्होंने सब-रजिस्ट्रार के कर्मचारियों द्वारा ली जाने वाली सरकारी फीस के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने अधिकारियों से परिसर के शौचालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। एडिश्नल चीफ सेक्रेटरी ने अपॉइंटमेंट लेने वाले आवेदकों से भी बात की, रजिस्ट्रार कार्यालय में उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली और सुधार के लिए सुझाव मांगे। वर्मा ने बताया कि यह निरीक्षण अधिकारियों में दोष खोजने के लिए नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में कामकाज को सुचारू बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और लगन से पालन करें, ताकि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में आने-जाने में किसी तरह की असुविधा न हो। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने आवेदक को मौके पर ही भूमि पंजीकरण के दस्तावेज भी सौंपे। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल भी उनके साथ शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *