लुधियाना फ्लाईओवर पर आग का गोला बना ट्रक:ज़ोरदार धमाके के बाद लगी आग केबिन में ही जिंदा जला ड्राइवर

लुधियाना में देर रात भाईवाला चौक से नानकसर गुरुद्वारा साहिब की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे PB-13 नंबर का एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक आग के भीषण गोले में बदल गया। ट्रक का ड्राइवर केबिन में ही फंसा रह गया और आग की लपटों की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
ज़ोरदार धमाके के बाद लगी आग
प्रत्यक्षदर्शी बाल सिंह ने बताया कि वह नीचे स्टोर के बाहर खड़े थे तभी अचानक एक ज़ोरदार धमाका हुआ। उन्हें लगा जैसे किसी चीज़ ने ज़ोर से टक्कर मारी हो। दौड़कर देखा तो PB-13 नंबर का ट्रक आग की लपटों से घिरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक के मेन बोर्ड वाले पिलर से टकराने के बाद उसके अगले हिस्से में आग भड़की, जिसने कुछ ही सेकंड में पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। मदद के लिए हाथ हिलाता रहा ड्राइवर: ड्राइवर ने हाथ हिलाकर मदद मांगी लेकिन आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि उसे बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। चारों ओर से घिरी लपटों ने उसे मौत के मुँह में धकेल दिया।
आधे घंटे तक आग में फंसा रहा ड्राइवर फायर ऑफिसर राजिंदर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें रात 11:30 बजे सूचना मिली। मौके पर फायर ब्रिगेड की 2-3 गाड़ियाँ पहुँची और आग बुझाने का काम शुरू किया। ट्रक में दवाइयों के पार्सल भरे थे, जिस वजह से आग और भी भयंकर हो गई थी। उन्होंने बताया कि धुआँ कम होने और अंदर तक पहुँचना संभव होने तक, दुर्भाग्य से ड्राइवर करीब आधा घंटा आग में फंसा रहा। CNG सिलेंडर में टक्कर के बाद हुआ हादसा पुलिस अधिकारी मेवा सिंह ने बताया कि प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि ट्रक चालक ने मेन बोर्ड वाले पिलर के साथ ट्रक को टकरा दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक CNG का था और CNG सिलेंडर में टक्कर होने के बाद आग लगी, जिसके कारण यह भयानक घटना हुई। यह ट्रक मालवा ट्रांसपोर्टरों का था ट्रांसपोर्ट नगर से सामान लोड करके फिरोजपुर रोड की साइड अलग-अलग जगह डिलीवरी दी जानी थी। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और शव पूरी तरह जल चुका था। पुलिस टीम ट्रांसपोर्टरों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *