नकद पैसे मांगने पर गाली दी, मारपीट और तोड़फोड़ की

भास्कर न्यूज | लुधियाना बाबा थान सिंह चौक के पास स्थित एक आइसक्रीम पार्लर में रात को जमकर हंगामा और मारपीट हुई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें 6–7 युवक दुकान के स्टाफ और मालिक के पिता पर हमला करते दिख रहे हैं। दुकान मालिक गौरव के अनुसार, कुछ युवक देर रात दुकान पर पानी और सोडे की बोतल खरीदने आए थे। ऑनलाइन पेमेंट करने के दौरान सर्वर समस्या आने पर स्टाफ ने उन्हें नकद भुगतान करने के लिए कहा। इसी बात पर युवक भड़क गए और गाली-गलौच शुरू कर दी। दुकान में मौजूद कर्मचारी दीपक ने बताया कि युवक शराब के नशे में थे। जैसे ही उनसे नकद पैसे मांगे गए, वे जोर-जोर से गालियां देने लगे। जब दुकान मालिक के पिता ने युवकों को बहसबाजी न करने की सलाह दी, तो उन पर भी धक्का-मुक्की की गई। दीपक ने बीच-बचाव किया तो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने दीपक को घूंसे मारे, पेट में लातें मारीं और बेसबॉल जैसे डंडे से वार किया। हमले के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। दुकान मालिक ने बताया कि उस समय वे दुकान पर नहीं थे। उनके पिता और कर्मचारी दुकान पर थे। जैसे ही नकद पैसे मांगे गए, उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि वारदात का पूरा सीसीटीवी फुटेज उनके पास है। हमले में कर्मचारी दीपक घायल हुआ है, जबकि दुकान मालिक के पिता को भी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने बताया कि हमलावर लगभग 10 मिनट तक दुकान में हंगामा करते रहे, जिससे वहां मौजूद अन्य ग्राहकों में भी दहशत फैल गई। पुलिस को शिकायत दी गई है और सीसीटीवी फुटेज सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तारी होगी। आइसक्रीम पार्लर में रात को हंगामा और मारपीट करते लोग।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *