लुधियाना में आशु बोले-लोगों ने घर जैसा अपनापन दिया:कांग्रेस एकजुट है और मिलकर जीतेंगे; 51.33% मतदान, EVM तीन लेयर सिक्योरिटी में सील

लुधियाना हलका पश्चिम में 19 जून शाम 6 बजे मतदान खत्म हो गया। सभी EVM मशीनें खालसा कॉलेज फॉर वुमन में रखवा दी गई हैं। मशीनों पर लगातार CCTV कैमरों की निगरानी है और उन्हें बेहद सुरक्षित कमरे में रखा गया है, जहां किसी का पहुंचना आसान नहीं है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए तीन लेयर की व्यवस्था की है। कॉलेज गेट पर पुलिस तैनात है, अंदर की ओर पुलिस और CRPF की टीम है, और मशीनों के पास भी CRPF के जवान मौजूद हैं। अधिकारियों की टीम लगातार मशीनों की निगरानी कर रही है। राजनीतिक दलों के नेता भी कॉलेज के पास डेरा डाले हुए हैं और EVM पर नजर रखे हुए हैं। सभी उम्मीदवारों ने वोट डालने के लिए जनता का आभार जताया है। आशू बोले- हम एकजुट हैं, साथ मिलकर जीतेंगे लुधियाना पश्चिम के लोगों का मैं तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इन दिनों में मुझे बहुत प्यार और समर्थन दिया। मुझे घर जैसा ही महसूस हुआ। मैं उन सभी लोगों का शुक्रगुजार हूं जो वोट देने के लिए बाहर आए। सक्रिय मतदाता ही वह नींव हैं जिस पर लोकतंत्र खड़ा होता है। साथ ही मैं अपने पार्टी के उन साथियों का भी दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जो पूरे पंजाब से मेरा समर्थन करने आए और इसे अपनी लड़ाई के तौर पर लड़ने आए। हम एकजुट हैं और साथ मिलकर जीतेंगे। भाजपा उम्मीदवार बोले- आपका समर्थन और प्यार मेरी सबसे बड़ी ताकत लुधियाना उपचुनाव के बाद जीवन गुप्ता ने जनता का आभार जताते हुए कहा, “लुधियाना वासियों, तहे दिल से आपका शुक्रिया! आपके अपार प्यार और सम्मान के लिए मैं हमेशा आपका ऋणी रहूंगा। लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं और मेरी पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं का भी दिल से आभार। आपका समर्थन और प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह! जय श्री राम!” सुखबीर बादल का हूं धन्यवादी,मुझ पर भरोसा जताया-एडवोकेट घुम्मन शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार एडवोकेट परोउपकार सिंह घुम्मन ने कहा कि मैं हलका पश्चमी से समस्त वोटरों का दिल से धन्यवाद करता हूं। प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मेरे पर भरोसा जताया। उनके साथ-साथ शिअद की यूथ टीम का बहुत साथ मिला। पार्टी वर्करों और नेताओं ने प्रचार दौरान खूब साथ मिला। मेरे दफ्तर को संभालने वाले स्टाफ का मैं धन्यवादी हूं जिन्होंने चुनाव दौरान मेरे चुनावी दफ्तर को संभाले रखा। 19 जून को हुआ मतदान हलका पश्चिमी में कल सुबह 7 बजे मतदान से शुरू था और 6 बजे खत्म हो गया था। वोटिंग के लिए 194 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शाम 7 बजे तक 51.33% वोटिंग हुई। इस सीट पर 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार गुरप्रीत गोगी की जीत हुई थी। हालांकि, कुछ समय पहले उनकी गोली लगने से मौत हो गई, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया। AAP ने यहां से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया। इसे लेकर चर्चा है कि अगर वह यहां से जीत जाते हैं तो उनकी जगह अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं। वहीं, कांग्रेस ने यहां से पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को उम्मीदवार बनाया। वह 2012 और 2017 में इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं। अकाली दल से एडवोकेट परउपकार सिंह घुम्मन उम्मीदवार हैं। घुम्मन वही वकील हैं, जिन्होंने दिलरोज हत्याकांड में आरोपी को फांसी दिलवाई थी। इसके साथ ही भाजपा ने यहां से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पृष्ठभूमि वाले वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को टिकट दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *