रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन रद्द की:वाराणसी-लखनऊ और अयोध्या रूट की सेवाएं ठप; यात्रियों को भेजा SMS, रिफंड मिलेगा

समर रश के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, जो जुलाई तक चलनी थीं। यात्रियों ने इन ट्रेनों में टिकटें भी बुक करवा ली थीं। लेकिन अब रेलवे ने 16 जून को इन स्पेशल ट्रेनों को रद्द करने का फैसला ले लिया है। रेलवे ने जिन यात्रियों ने टिकट बुक किए थे, उन्हें एसएमएस के जरिए जानकारी भेज दी गई है। ये स्पेशल ट्रेनें बठिंडा से बनारस, चंडीगढ़ से लखनऊ, आनंद विहार से अयोध्या और राजगीर रूट पर अप-डाउन चल रही थीं। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि गर्मी की छुट्टियों के चलते पहले से ही रेगुलर ट्रेनों में भारी वेटिंग चल रही है। ट्रेनों के रद्द होने से होगी परेशानी इन ट्रेनों के चलने से लाखों यात्रियों को सुविधा होनी थी, लेकिन अब ट्रेनें रद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। यात्रियों को रिफंड तो उनके खातों में मिल जाएगा, लेकिन इससे उनको परेशानी होगी। साथ ही उनको अन्य वैकल्पिक साधनों से ही अपनी आगे की यात्रा करनी होगी। ये ट्रेनें चलाई गई थी पंजाब के बठिंडा से वाराणसी तक 21 मई से 10 जुलाई तक स्पेशल ट्रेन नंबर 04519-20 चलाने का रेलवे ने फैसला लिया था। इस रूट पर यात्रियों को वेटिंग टिकट ही मिल पा रही थी, इसलिए यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन अप और दो दिन डाउन में चलनी थी। इस ट्रेन का यात्रियों ने अब तक फायदा भी उठाया, लेकिन 16 जून को ट्रेन रद्द करने का फरमान जारी हो गया। इसी तरह चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए भी स्पेशल ट्रेन नंबर 4209-10 चलाई गई। इस ट्रेन में अंबाला से भी यात्रियों ने टिकट बुक कराई थी और अन्य स्टेशनों से भी। यह ट्रेन भी दस जुलाई तक चलनी थी, जिसे 19 जून से रद्द कर दिया गया है। इसी तरह आनंद विहार से अयोध्या तक स्पेशल ट्रेन नंबर 04213-14 को 11 जुलाई तक चलाया जाना था और दूसरी 04070-69 को भी 11 जुलाई तक चलाया जाना था। इनको भी 17 जून से रद्द कर दिया गया है। पंजाब से उत्तर प्रदेश या फिर आनंद विहार से अयोध्या के बीच समर सीजन में ही नहीं बल्कि वैसे भी इन रूटों पर मारामारी रहती है। मैसेज से ट्रेन कैंसिल होने की दी जा रही जानकारी मारामारी को देखते हुए मई से रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों को पटरी पर उतार दिया था। इसको लेकर रेलवे ने प्रचार भी किया ताकि यात्री इन ट्रेनों में टिकट बुक करवा लें। यात्रियों ने टिकटें भी बुक करवाईं लेकिन अब टिकटें रद्द होने का मैसेज यात्रियों के मोबाइल पर पहुंच रहा है। साथ ही स्टेशन पर इन ट्रेनों के रद होने की घोषणा करने के भी आदेश हैं। वेटिंग हुई 100 पार इन दिनों अंबाला से अपने घरों को जाने वालों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। लेकिन, ट्रेनों की कमी के चलते लोग वेटिंग टिकिट ही लेने के लिए मजबूर हैं। अंबाला से यूपी और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में काफी भीड़ है। जिस वजह से लोगों को ट्रेन से अलग अन्य साधनों के जरिए घर जाने का विचार करना पड़ रहा है। वहीं, अंबाला के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार के अनुसार यह ट्रेनों के रद्द करने के पीछे आर्थिक नुकसान एक बड़ा कारण है। उन्होंने बताया कि स्पेशल ट्रेन की ओर यात्री रुख तक नहीं कर रहे है। जिस वजह से उनके संचालन पर रोक लगानी पड़ी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *