पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार की रात मिसिंग लिंक 2 हाईवे के पास धांधरा रोड पर बीती रात कार सवार सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के पीए कुलदीप सिंह की तलवारों से हत्या कर दी गई। हत्या का वीडियो भी सामने आया है। किसी राहगीर ने यह वीडियो अपने मोबाइल से बनाई। विवाहेतर संबंध और परिवार में संपत्ति विवाद पर भी जांच कर रही पुलिस पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की कि पुलिस मृतक के विवाहेतर संबंध और परिवार में संपत्ति विवाद के एंगल की जांच कर रही है, क्योंकि हत्या के पीछे यही संभावित कारण माना जा रहा है। यह भी संदेह जताया जा रहा है कि हत्या के पीछे कुछ जानकार लोग भी हो सकते हैं। पुलिस कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। कुलदीप के मोबाइल की CDR (काल डिटेल रिकार्ड) भी चैक की जा रही है। इस केस में पुलिस ने एक महिला से भी पूछताछ की है। अभी 3 से 4 लोगों को दबोचने के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। पता चला है कि जिस स्विफ्ट कार में हत्यारे वारदात को अंजाम देने आए थे वह दिल्ली नंबर की है। कुलदीप करता थे प्रॉपर्टी का कारोबार कुलदीप सिंह मुंडियां गांव के रहने वाले हैं और प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। विदेश में कुछ समय बिताने के बाद वह लुधियाना वापस आ गए। कुलदीप शुक्रवार रात को अपने फार्म हाउस से अपनी फॉक्सवैगन कार में निकले थे। दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार में उनका पीछा कर रहे बदमाशों ने उन्हें हाईवे पर घेर लिया। बदमाशों ने उन्हें कार से बाहर खींचकर पीटा। बुजुर्ग कुलदीप मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। हमलावरों ने बुजुर्ग को जमीन पर लिटा दिया और तलवार से तब तक वार किए, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। वीडियो में 3 से 4 लोग हत्या करते नजर आए हत्या के वीडियो में करीब 3 से 4 लोग हमला करते नजर आ रहे हैं। खून से लथपथ सड़क के बीचों-बीच पड़े कुलदीप को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। थाना सदर से एसएचओ अवनीत कौर और दुगरी थाने से एसएचओ परमवीर सिंह मौके पर पहुंचे। कुलदीप सिंह को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले को सुलझाने के करीब पहुंच गई है। कार में सवार होकर आए हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।


