लुधियाना में पेट्रोल पंप पर लूट हुई है। नारगवाल गांव के दशमेश फिलिंग स्टेशन पर दो बाइक सवार युवकों ने कर्मचारी से 11 हजार रुपए से भरा बैग छीन लिया। पेट्रोल पंप कर्मचारी शंकर कुमार ने बताया कि दो युवक 100 रुपए का पेट्रोल भरवाने आए थे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा पीछे आकर खड़ा हो गया। पेट्रोल भरने के बाद जब कर्मचारी ने पैसे मांगे, तो दोनों युवकों ने उसके गले में पहने बैग को छीनना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और बैग लेकर फरार हो गए। थाना जोधा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपी हरमनदीप सिंह नारगवाल गांव का रहने वाला है और विक्की गांव घुगराना का निवासी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के समय पेट्रोल पंप कर्मचारी का साथी आशीष कुमार शुक्ला उधार दिए गए तेल के पैसे वसूलने गया हुआ था। वीरवार को मां बेटी से पर्स छीनने वाले लुटेरों के खिलाफ पुलिस ने 24 घंटे बीतने पर भी मामला तक दर्ज नहीं किया।


