लुधियाना के एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (ग्लाडा) दफ्तर के बाहर पार्किंग में खड़ी एक लग्जरी कार को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। चोर कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे 3 लाख रुपए नकदी और एक लाइसेंसी पिस्तौल लेकर फरार हो गए। घटना दोपहर के वक्त की है,जब पीड़ित अपने प्रॉपर्टी से जुड़े काम के सिलसिले में गलाडा दफ्तर आए हुए थे। जानकारी के अनुसार पीड़ित विजय कुमार पेशे से प्रॉपर्टी डीलर दोपहर के समय अपनी एमजी (MG) कार में ग्लाडा दफ्तर किसी काम से पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी बाहर पार्किंग एरिया में खड़ी की और दफ्तर के अंदर चले गए। जब वे अपना काम निपटाकर वापस लौटे,तो गाड़ी की हालत देखकर हैरान रह गए। विजय कुमार ने देखा कि कार की ड्राइवर सीट के पीछे वाली खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। अंदर जांच करने पर गाड़ी में रखी 3 लाख रुपये की नकदी और उनकी लाइसेंसी पिस्तौल गायब थी। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मामला ध्यान में है, CCTV खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ सराभा नगर, वीपीएस उप्पल (VPS Uppal) ने बताया कि दोपहर के वक्त इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। एसएचओ ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास और ग्लाडा दफ्तर के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर कार्रवाई की जाएगी।


