लुधियाना में मोगा के बस कंडक्टर की मौत:बाइक से जा रहा था, तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से मारी टक्कर, ड्राइवर फरार

लुधियाना में आज तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मोगा के युवक की मौत हो गई। हादसा सिधवां बेट से नकोदर मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान दविंदर सिंह निवासी बोडे, जिला मोगा के रूप में हुई है। वह न्यू सतलुज ट्रांसपोर्ट कंपनी में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था। घटना खुरशेदपुरा गांव के नजदीक हुई। दविंदर सिंह बाइक पर सिधवां बेट से नकोदर की ओर जा रहा था। दरिया सतलुज से पहले बुड्ढा नाले के पास एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारियों ने शव को कब्जे में लेकर सिधवां बेट थाना पुलिस को सूचित किया। मृतक के बैग से मिले पहचान पत्र और टिकटों से उसकी पहचान हुई। दविंदर सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी शादी कुछ समय पहले हुई थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया था। वह सिधवां बेट की बोपाराए कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। ए.एस.आई. गुरसेवक सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार के बयानों के आधार पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। थाना सिधवां बेट प्रभारी इंस्पेक्टर हीरा सिंह के अनुसार, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इससे गाड़ी की पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *