लुधियाना में जगराओं के तहसील चौक पर सोमवार को लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में किसानों ने धरना प्रारंभ किया। धरने में मलक, पोना अलीगढ़ व अगवाड़ गुजरा समेत चार गांवों के किसान मौजूद रहे। इन गांवों की कुल 526 एकड़ जमीन सरकार के प्रस्तावित प्रोजेक्ट में शामिल है। किसानों ने आम आदमी पार्टी को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों को धरने में आमंत्रित किया। भारतीय किसान यूनियन ने भी धरने को समर्थन दिया। गांव मलक में 4 जुलाई को हुई तीन गांवों की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि धरना केवल किसानों की जमीन बचाने के उद्देश्य से होगा और इसमें कोई राजनीति नहीं की जाएगी। आंदोलन को हाईजैक करने का आरोप धरने के दौरान भाजपा पर आंदोलन को हाईजैक करने का आरोप लगा। भाजपा नेताओं ने गांवों और जीटी रोड पर कुछ सरपंचों की तस्वीरें फ्लेक्स बोर्ड पर लगाकर धरने को अपना बताने का प्रयास किया। एक सरपंच की फोटो उनकी अनुमति के बिना फ्लेक्स पर लगाई गई। इस बात का पता चलने पर सरपंच के समर्थकों ने सड़क किनारे लगे सभी बोर्ड को नष्ट कर दिया। जगराओं के कुछ किसान भाजपा नेताओं के साथ राज्यपाल को मांग पत्र सौंप कर आए थे। किसान नेताओं ने इसे आंदोलन को कमजोर करने की रणनीति बताया। वर्तमान में धरना जारी है।


