पंजाब के लुधियाना में कस्बा जगराओं की पुलिस ने दो युवकों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मोबाइल की दुकान चलाता है तो दूसरा आरोपी हेयर ड्रेसिंग का काम करता है। पुलिस ने आरोपियों को हाईटेक नाकाबंदी दौरान काबू किया। आरोपियों की कार से पुलिस टीम को 275 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। लुधियाना और मोगा में करते थे नशा सप्लाई गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना निवासी हेमंत उर्फ हेमंत मनोता और मनदीप सिंह उर्फ दीपा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों लुधियाना और मोगा जिले के गांवों में बड़े पैमाने पर नशा सप्लाई करते थे। हाईटेक नाके दौरान किए काबू CIA स्टाफ के SI गुरसेवक सिंह ने बताया कि मोगा-फिरोजपुर हाईवे पर गुरूसर के पास हाई-टेक नाके पर चेकिंग के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को उनकी कार समेत काबू कर लिया। तलाशी के दौरान 275 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल कर पूछताछ शुरू कर दी है। नशा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज जांच अधिकारी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि मनदीप मोबाइल फोन का काम करता है और उस पर पहले भी 200 ग्राम हेरोइन तस्करी का मामला दर्ज है। हेमंत हेयर कटिंग का काम करता है और उसके खिलाफ नशे की तस्करी के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर उनकी डिजिटल जांच शुरू कर दी है। इस जांच के दौरान अन्य तस्करों के नेटवर्क का भी खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।


