मंदसौर में आगामी सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में सांसद सुधीर गुप्ता की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, मदनलाल राठौर सहित जिले के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान दौरान महोत्सव की रूपरेखा, खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रतिभागियों की संख्या, स्थानों के चयन, व्यवस्थाओं और समन्वय से जुड़े सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मंदसौर संसदीय क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना तथा खेल भावना और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है। सांसद सुधीर गुप्ता ने जानकारी दी कि महोत्सव में आठ तरह की खेल स्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताएँ पंचायत स्तर, स्कूल स्तर, संकुल स्तर एवं विधानसभा स्तर पर होंगी। खेलों में कबड्डी, खो-खो, रस्सा-कस्सी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, मैराथन के साथ क्षेत्रीय पारंपरिक खेल भी शामिल किए गए हैं। कार्यक्रम के सफल और सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता के साथ महोत्सव को सफल बनाया जा सके।


