वित्तीय वर्ष के समापन से पहले राजस्व बढ़ाने और बकाया वसूली को तेज करने के लिए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने लुधियाना जिले में बड़ा अभियान चलाया है। जनवरी महीने में चले इस विशेष रिकवरी ड्राइव के दौरान PSPCL ने 28,491 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से 91.74 करोड़ रुपए की वसूली की। इसके साथ ही सख्त कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग ने 17.62 करोड़ रुपए के बकाया वाले 5,835 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन भी काट दिए। मार्च तक चलेगा रिकवरी अभियान
अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष अभियान 1 जनवरी से शुरू हुआ है, जो मार्च के अंत तक जारी रहेगा। यह PSPCL की हर साल की वित्तीय अनुशासन योजना का हिस्सा है, जिसके तहत लंबे समय से लंबित बिजली बिलों की वसूली की जाती है। ईस्ट और वेस्ट सर्किल रहे टॉप पर
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जिले में सबसे ज्यादा रिकवरी लुधियाना ईस्ट सर्किल से हुई, जहां से 38.95 करोड़ रुपए वसूले गए। इसके बाद लुधियाना वेस्ट सर्किल से 37.27 करोड़ रुपए की रिकवरी हुई। अन्य सर्किलों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा-
सब-अर्बन सर्किल: 10.65 करोड़
खन्ना सर्किल: 4.84 करोड़
इंडस्ट्रियल एरिया से सबसे ज्यादा पैसा आया सुंदर नगर डिवीजन: 15.95 करोड़ (सबसे ज्यादा)
फोकल प्वाइंट डिवीजन: 15.76 करोड़
एस्टेट डिवीजन: 12.50 करोड़ रिहायशी इलाकों में रिकवरी
मॉडल टाउन डिवीजन: 9.16 करोड़
सिटी वेस्ट डिवीजन: 5.44 करोड़ की वसूली की गई। दोराहा में सबसे ज्यादा कनेक्शन कटे
डिस्कनेक्शन के मामले में दोराहा सब-डिवीजन सबसे आगे रहा, जहां 864 कनेक्शन काटे गए।
इसके बाद खन्ना में 793, सरहिंद 787, सिटी सेंटर 505 कनेक्शन काटे गए। 60 दिन से ज्यादा बकाया वालों पर कार्रवाई
PSPCL अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिल 60 दिन से ज्यादा समय तक बकाया रहता है, उन्हें डिफॉल्टर माना जाता है। ऐसे उपभोक्ताओं को पहले नोटिस देकर 10 दिन का समय दिया जाता है। तय समय में भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काट दिया जाता है। पूरा बकाया जमा करने के बाद ही कनेक्शन दोबारा जोड़ा जाता है। PSPCL के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि यह रिकवरी ड्राइव PSPCL की वित्तीय स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है। समय पर बिल वसूली से कैश फ्लो बेहतर होता है, राजस्व नुकसान कम होता है और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश संभव हो पाता है। हम उपभोक्ताओं को पूरा मौका देते हैं, लेकिन लगातार डिफॉल्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।फिलहाल बिजली विभाग की टीमें जिले भर में लगातार रिकवरी और डिस्कनेक्शन की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।


