लुधियाना PAU में कल से शुरू सरस मेले:तैयारियां पूरी DC रोजाना सजेगी स्टार नाइट,10 दिनों तक चलेगा संगीत का जादू

लुधियाना में एक बार फिर से सांस्कृतिक और मनोरंजन का महाकुंभ सजने जा रहा है। PAU के मैदान में कल से 10 दिवसीय सरस मेले का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है, जिसको लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने और इसे सफल बनाने के लिए डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डीसी जैन ने बैठक में स्पष्ट किया कि सरस मेले के आयोजन में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मेले से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करते हुए कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी नहीं मिलेगी।
सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पंजाबी सितारों की महफ़िल
डीसी हिमांशु जैन ने बताया कि इस बार मेले में प्रवेश के लिए टिकट की कीमत मात्र 20 रुपये रखी गई है, ताकि हर वर्ग का व्यक्ति परिवार सहित इस सांस्कृतिक उत्सव का आनंद ले सके। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में मेले में पहुंचकर देश के विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति से रूबरू हों।
इस बार सरस मेले का एक मुख्य आकर्षण का केंद्र इसका विशाल मंच होगा
जानकारी के अनुसार,मंच को उसी भव्यता के साथ तैयार किया जा रहा है जैसा कि कुछ समय पूर्व पीएयू में हुए प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के शो के दौरान देखने को मिला था। यह विशाल मंच अगले 10 दिनों तक पंजाब के नामी गायकों की मेजबानी करेगा।
रोजाना सजेगी स्टार नाइट, 10 दिनों तक चलेगा संगीत का जादू
मेले में हर शाम को रंगीन और यादगार बनाने के लिए ‘स्टार नाइट’ का आयोजन किया जाएगा। यह स्टार नाइट शाम 7 बजे से शुरू होकर रात 10:30 बजे तक चलेगी, जिसमें हर रोज़ एक नया और प्रसिद्ध पंजाबी गायक परफॉर्म करेगा । इन स्टार नाइट्स में पंजाब के कई जाने-माने कलाकार अपनी गायकी से समां बांधेंगे, जो लुधियाना वासियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा।
डीसी जैन ने लोगों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि यह मेला न केवल मनोरंजन का एक बड़ा साधन है,बल्कि यह देश के विभिन्न हिस्सों से आए कारीगरों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच भी प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन मेले को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *