लूट की शिकायत दर्ज कराने को 18 दिन काटे चक्कर, पुलिस बोली- सड़क हादसे का करेंगे पर्चा

भास्कर न्यूज |लुधियाना पुलिस का दोहरा रवैया फिर सामने आया है। एक तरफ शहर की पुलिस सर्वश्रेष्ठ थानों की सूची में नाम दर्ज करवा रही है। दूसरी तरफ पब्लिक डीलिंग में फेल साबित हो रही है। ताजा मामला नूरवाला रोड के सुमित कपूर का है। 18 दिन तक उनका भाई पुलिस चौकी के चक्कर काटता रहा, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। आखिरकार जब सुमित खुद बयान देने पहुंचे तो पुलिस ने लूट की घटना को सड़क हादसा बताने का दबाव बनाया। सुमित कपूर एक कंपनी में सेल्समैन हैं। 18 जनवरी की रात 8:30 बजे वह मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। वेरका चौक से पुल पर चढ़ते ही तीन युवक मोटरसाइकिल पर उनका पीछा करने लगे। जब वह मल्हार रोड से आगे यस बैंक के पास पहुंचे तो आरोपी पास आ गए। उन्होंने सुमित को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। तभी एक युवक ने उनकी पीठ पर मुक्का मारा और गिराने की कोशिश की। सुमित ने खुद को संभालते हुए बाइक रोक ली। तभी तीनों आरोपी पास आ गए। एक ने गले पर चाकू रख दिया। दूसरे ने पीठ पर मुक्का मारते हुए पर्स मांगा। डर के कारण सुमित ने पर्स दे दिया, जिसमें 500 रुपये थे। इसके बाद आरोपियों ने तलाशी ली। जैकेट में रखे 30 हजार रुपये भी निकाल लिए। तभी एक युवक मदद के लिए आया, लेकिन आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे दूर रहने को कहा। जब भीड़ बढ़ने लगी तो सुमित ने हिम्मत कर 30 हजार रुपये वापस लेने की कोशिश की। तभी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। इससे उनका हाथ कट गया। इसके बाद आरोपी भाग निकले। घायल सुमित को वह युवक फोर्टिस अस्पताल लेकर गया। जहां वह तीन दिन भर्ती रहे। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस चौकी घुमार मंडी में रिपोर्ट भेजी, लेकिन तीन दिन तक कोई पुलिसकर्मी बयान लेने नहीं आया। इसके बाद सुमित के भाई कुनाल कपूर ने पुलिस चौकी के चक्कर लगाए, लेकिन पुलिस ने बयान दर्ज नहीं किए। इंश्योरेंस क्लेम के लिए पुलिस कंप्लेंट जरूरी थी। इसलिए कुनाल लगातार चार दिन तक थाने जाता रहा। जब पुलिस ने बयान दर्ज नहीं किए तो सुमित खुद चौकी पहुंचे। सुमित का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने लूट की घटना को सड़क हादसा बताने का दबाव बनाया। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो पुलिस ने पर्चा दर्ज नहीं किया। उल्टा, लूट साबित करने को कहकर घर भेज दिया। मामले में जब घुमार मंडी पुलिस चौकी प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *