एक अगस्त की रात बांसगोड़ा में जुआ अड्डा में लूटपाट करते अपराधियों का विरोध करने पर गुमला नगर सेक्टर-12 निवासी मंटू दास को गोली मार दिया था। उसकी मौत हो गई थी। इसमें शामिल पांच अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। इन्हीं अपराधियों ने पेटरवार स्थित सरकारी शराब दुकान में भी पिस्टल दिखाकर लूट किया था। दोनों अपराध में आठ अपराधी शामिल थे, पांच को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एसपी हरविंदर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। गिरफ्तार अपराधियों में मास्टर माइंड खेतको निवासी बीरबल उर्फ कटप्पा, झरिया धनबाद के शेखर उर्फ साहिल, जरीडीह के बारू के प्रमोद धर, जरीडीह बाजार के कृष कुमार और खेतको के सुरजदेव उर्फ बटलर शामिल है। इन्होंने पहले भी जुआ अड्डा में लूटपाट को अंजाम दिया है। शातिर अपराधी है मास्टर माइंड बीरबल, 8 मामले दर्ज हत्या के बाद एसपी ने एसआईटी का गठन किया था। नेतृत्व मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता ने की। गुप्त सूचना और तकनीकी टीम की बदौलत पुलिस ने आदतन आपराधिक गिरोह को पकड़ने में कामयाबी पाई। मास्टर माइंड बीरबल पर जिले के विभिन्न थाना में आर्म्स एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, चार जिंदा गोली, दो बाइक सहित अन्य सामान बरामद की है। वहीं शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापेमारी में बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, माराफारी थाना प्रभारी मो. आजाद खान, बालीडीह ओपी प्रभारी आनंद आजाद, सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाष कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी और जवान शामिल थे।


