उदयपुर में सर्दी का असर बरकरार है। आज सुबह से आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ है और धूप नहीं निकली तो सर्दी से राहत भी नहीं मिली। इस पूरे सप्ताह में तापमान और घटने के साथ ही पाला गिरने की संभावना जताई जा रही है। उदयपुर में सुबह से आज सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए और बादल छाए हुए है। बादलों के डेरे के बीच कुछ इलाकों में धुंध का असर भी बना हुआ है। न्यूनतम तापमान कम होने से सर्दी का प्रभाव बढ़ा हुआ है। उदयपुर का आज न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री से. और अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री से. दर्ज किया गया है। इसी प्रकार 26 जनवरी को उदयपुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री से. था। मौसम एक्सपर्ट गुरु नानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय उदयपुर के भूगोल विषय के सहायक आचार्य डॉ.आर.एस.देवड़ा ने बताया कि इस पूरे सप्ताह तापमान कम और शीत लहर का असर रहेगा, उदयपुर में बादल छाए रहेंगे और पाला पड़ने की संभावना रहेगी। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार 31 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसके असर से प्रदेश में 31 जनवरी और 1 फरवरी को प्रदेश में बादल छा सकते और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती।


