झुंझुनूं में मौसम का यू-टर्न:रिमझिम बारिश के साथ गिरे ओले, कड़ाके की ठंड ने पकड़ी रफ़्तार

शेखावाटी अंचल में मंगलवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जिले के कई हिस्सों में हुई हल्की बरसात और ओलावर्ष्टि ने ठिठुरन बढ़ा दी है। अलसुबह से ही आसमान में छाई काली घटाओं के बाद बरसे बादलों ने जनजीवन को पूरी तरह से सर्दी के आगोश में ले लिया है। जिले के कुलोठ और इसके आस-पास के इलाकों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां हल्की ओलावर्ष्टि दर्ज की गई। छोटे-छोटे ओले गिरने से खेतों और रास्तों पर सफेद कंकड़ों जैसी चादर नजर आई। हालांकि ओलों का आकार छोटा था, लेकिन इसने तापमान में भारी गिरावट ला दी है। पर्यटन नगरी मण्डावा और नजदीकी ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई। रिमझिम फुहारों के चलते सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने धूजणी छुड़ा दी है। कोहरे और नमी से ठिठुरा बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से सर्दी का सितम और बढ़ गया है। लोग एक बार फिर भारी ऊनी कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बारिश और ओलावर्ष्टि से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है। खेती पर प्रभाव: कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह हल्की बरसात रबी की फसलों (जैसे गेहूं और सरसों) के लिए अमृत के समान है, लेकिन ओलावर्ष्टि ने किसानों की चिंता थोड़ी बढ़ा दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *