बूंदी में बदला मौसम, बारिश से बढ़ी सर्दी:शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, फसलों को फायदा होने की उम्मीद

बूंदी में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई। इसके बाद आसमान में धुंध और बादल छाए रहे, हालांकि सुबह 9 बजे तक सूरज निकल आया था। बूंदी जिला मुख्यालय सहित नैनवां क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई, जिससे किसानों की फसल को फायदा होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बूंदी के लिए मंगलवार को हल्की से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया था। सोमवार को दिनभर ठंडी हवाएं चली थीं। पिछले तीन-चार दिनों से न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में बना हुआ था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम 13°C दर्ज किया गया। दिनभर बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम के इस बदलाव से किसानों में चिंता और आशंकाएं बढ़ गई हैं। स्थानीय किसान धनपाल मीणा और राधेश्याम नागर ने बताया कि हल्की बारिश फसलों के लिए लाभदायक है।
हालांकि, तेज बारिश के साथ तेज हवा चलने से फसलें लेट जाती हैं, जिससे पैदावार कम होने का खतरा रहता है। बिजली कड़कने और ओले पड़ने की स्थिति में किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। इसलिए, बारिश की खुशी के साथ-साथ ओले पड़ने का डर भी किसानों को सता रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बूंदी में आज (27 जनवरी) आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद तेज सर्दी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। आगामी सप्ताह में भी बूंदी में तेज सर्दी का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *