भास्कर संवाददाता | चूरू रेलवे स्टेशन के सामने नई सड़क पर दो व्यापारी पक्ष में पुराने लेन-देन को लेकर बुधवार दोपहर झगड़ा हो गया। दोनों पक्ष के लोगों ने जमकर लाठियां चलाई। झगड़े में दोनों पक्ष के दो-तीन लोगों के चोट आई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्ष के पांच लोगों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पाबंद कर जमानत पर छोड़ने के आदेश दिए गए। घटना को लेकर दोनों ही पक्ष की तरफ से बुधवार देर रात तक कोतवाली में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ। शहर कोतवाल सीआई मुकुट बिहारी ने बताया कि नई सड़क पर दुकान चलाने वाले दो व्यापारियों का आपस में झगड़ा हुआ था। मौके से एक पक्ष के कृष्णा अग्रवाल व सुमित अग्रवाल निवासी वार्ड 55, चूरू और दूसरे पक्ष के श्रवण कुमार, दलीप कुमार व विष्णु गोयनका निवासी वार्ड 45, चूरू को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। शहर कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों में राजीनामा होने के बाद किसी प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया। चूरू. नई सड़क पर लाठियों से वार करते दोनों पक्ष के लोग।


