भास्कर न्यूज | सादुलपुर राजगढ़-पिलानी रोड रेल फाटक के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे की ओर से दिए गए ब्लॉक के बाद इसका काम अब तेज गति से किया जा रहा है। प्रतिदिन तीन घंटे के ब्लॉक पर ब्रिज के लिए दोनों साइड के गर्डर को रखने का काम लगभग पूरा हो चुका है। लाइनों के पास निर्धारित दूरी पर पिलर खड़े करने के बाद दोनों तरफ गाडर रखे गए हैं। अब इस पर धनुषाकार का ब्रास्टिंग गर्डर रखा जाएगा। ब्रास्टिंग गर्डर रखने के बाद इस पर कंक्रीट आदि डालने का काम शुरू किया जाएगा। गाडर लगाने के बाद रेलवे का बिजली विभाग अपना काम करेगा। रेलवे की ओर से ओवरब्रिज का काम पूरा करने के लिए 24 दिसंबर तक ब्लॉक दिया जाएगा। अधूरे निर्माण के तहत ओवरब्रिज के आस-पास लाइनें निकालने का काम भी तेजी से चल रहा है। गौरतलब है कि पिछले साढ़े छह माह तक बंद रहे ओवरब्रिज का काम आठ दिसंबर को शुरू हुआ था। ठेकेदार सुभाषचंद्र पूनिया ने बताया कि गर्डर रखने के बाद इस पर 400 टन वजनी धनुषाकार का गर्डर रखा जाएगा। सर्दी के मौसम के चलते रात के समय काम करने में भी काफी दिक्कतें आ रही है। धनुषाकार का गर्डर रखने के बाद इस पर कंक्रीट आदि डाली जाएगी और संभवतया काम पूरा करने के बाद फरवरी में इसे चालू कर दिया जाएगा। 10 दिन में फाटक के एक छोर से दूसरे छोर तक गर्डर लगाने का काम 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस ओवरब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा मिलेगा तथा यातायात व्यवस्था भी सुगम हो सकेगी। वर्तमान में ओवरब्रिज के काम के चलते वाहन चालकों को कई किमी का घुमावदार रास्ता कर कर गंतव्य तक जाना पड़ रहा है।


