राजगढ़ में मंगलवार को खाद्य विभाग ने नकली दूध के कारोबार का भंडाफोड़ किया। जिले से 15 किलोमीटर दूर स्थित गोरखपुरा गांव में खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में डेयरी से 150 लीटर नकली दूध और 20 किलो लैक्टोज पाउडर बरामद किया गया। खाद्य विभाग के निरीक्षक शिवराज पावक और एस.एस. खत्री के नेतृत्व में की गई छापेमारी में पाया गया कि डेयरी में लैक्टोज पाउडर और सोयाबीन तेल से कृत्रिम दूध तैयार किया जा रहा था। जब्त सामान की कीमत करीब 11 हजार रुपए आंकी गई है। डेयरी संचालक कन्हैयालाल दांगी (39) के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि डेयरी बिना लाइसेंस के चल रही थी। खाद्य विभाग ने नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच के लिए भेजे गए सैंपल
निरीक्षक शिवराज ने बताया कि जब्त किए गए दूध और अन्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच और छापेमारी का अभियान जारी रहेगा।


