भास्कर न्यूज| लुधियाना। अगर आप बिना किसी उपकरण के अपनी लोअर बॉडी को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो वॉल सिट एक्सरसाइज एक बेहतरीन तरीका है। यह न सिर्फ पैरों की ताकत बढ़ाती है, बल्कि घुटनों और कमर को भी मजबूत बनाती है। यह एक्सरसाइज खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं या जिनकी मांसपेशियां कमजोर हो रही हैं। इसे करने से मसल्स टोन होती हैं, जिससे शरीर में संतुलन और स्टैमिना भी बढ़ता है। फिटनेस एक्सपर्ट के मुताबिक वॉल सिट एक्सरसाइज करने के लिए सबसे पहले किसी दीवार के पास खड़े हो जाएं और अपनी पीठ को इससे सटाकर रखें। अब धीरे-धीरे अपने घुटनों को मोड़ते हुए नीचे आएं, जैसे कि आप कुर्सी पर बैठ रहे हों। ध्यान रखें कि आपकी जांघें फर्श के समानांतर हों और घुटने 90 डिग्री के एंगल पर मुड़े हों। इस पोजीशन में कम से कम 30 सेकेंड तक रुकें और फिर धीरे-धीरे खड़े हो जाएं। शुरुआत में 3 सेट करें और धीरे-धीरे समय को बढ़ाकर 60 सेकेंड तक ले जाएं। {इस एक्सरसाइज से पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और घुटनों में लचीलापन आता है। {यह बॉडी के बैलेंस को सुधारने में मदद करती है और जो लोग रनिंग या साइक्लिंग करते हैं, उनके लिए यह एक्सरसाइज बेहद फायदेमंद होती है। {नियमित रूप से इसे करने से पैरों की थकान कम होती है और मसल्स में बेहतर रक्त संचार होता है, जिससे इंजरी का खतरा कम हो जाता है। एक्सरसाइज करते समय इन बातों का रखें ध्यान अगर आपके घुटनों में दर्द रहता है या पहले से कोई चोट लगी है, तो इस एक्सरसाइज को शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। शुरुआत में लंबे समय तक वाल सीट पोजीशन में बने रहने की कोशिश न करें, बल्कि धीरे-धीरे समय बढ़ाएं। पहले 15-20 सेकेंड तक इस पोजीशन में रहें और फिर इसे 30 से 60 सेकेंड तक बढ़ाने की कोशिश करें। एक्सरसाइज करते समय सांस को सामान्य रूप से लेते रहें और शरीर को पूरी तरह रिलैक्स रखें। पीठ को दीवार से सटाकर सीधा रखें, ताकि रीढ़ की हड्डी पर ज्यादा दबाव न पड़े और सही पोस्चर बना रहे। अगर संतुलन बनाने में दिक्कत हो रही है, तो पैरों की स्थिति को हल्का एडजस्ट कर सकते हैं। इस एक्सरसाइज को अन्य स्ट्रेंथ ट्रेनिंग वर्कआउट के साथ शामिल करें, ताकि लोअर बॉडी की मांसपेशियां बेहतर तरीके से मजबूत हो सकें। नियमित अभ्यास से पैरों की ताकत और स्टैमिना बढ़ेगा, जिससे दिनभर की थकान कम महसूस होगी और शरीर ज्यादा एक्टिव रहेगा।


