भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मेरा भारत, मेरा वोट थीम पर मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना और नागरिकों, खासकर युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस के इतिहास, उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चांपा शक्ति सिंह राजपूत रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में चतुर्थ जिला और अपर सत्र न्यायाधीश विजय अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा और सचिव वरिष्ठ न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे ने की। जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अपर कलेक्टर और उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर तथा शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर अग्रणी कॉलेज जांजगीर के प्राचार्य डीआर लहरे भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि शक्ति सिंह राजपूत ने लोकतंत्र में आस्था रखने, देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने और स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई। मतदाताओं का बैज लगाकर सम्मान जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत मतदान केंद्रों में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मतदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट–भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में भारतीय नागरिक” पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


