भास्कर न्यूज | बाड़मेर शिव विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरसिंगा, स्वामी का गांव, आंतरा, काने का गांव की संयुक्त सभा आंतरा में नेगरड़ा, झांफली, हड़वा की नेगरड़ा में बरियाड़ा, राजड़ाल, मणिहारी, खोड़ाल की बरियाड़ा में गूंगा, कुमावत नगर की गूंगा में शिव, जोरानाड़ा की शिव में बालासर, हाथीसिंह का गांव की सुवाला में तथा मुंगेरिया एवं लक्ष्मीपुरा की मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सयुंक्त सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपने विचार रखे। इस अवसर पर बाड़मेर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा तथा पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह खान के सभाओं में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा जैसी ऐतिहासिक रोजगार गारंटी योजना को कमजोर किया जा रहा है। खान ने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए जीवनरेखा रही है, परंतु वर्तमान सरकार इसे सीमित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका संकट में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त करते हुए खान ने कहा कि प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाजपा सरकार और उनके नेताओं की ओर से अधिकारियों पर दबाव बनाकर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े मतदाताओं के नाम सूची से हटवाए जा रहे हैं। खान ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि यह संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। इस दौरान खान ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस तरह की मनमानी जारी रही तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से इसका सशक्त विरोध करेगी और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस अवसर पर बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन जीने का मजबूत आधार है। इस अवसर पर शिव के पूर्व प्रधान महेंद्र जाणी, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष तेजाराम गोदारा, बालासर मंडल अध्यक्ष गंगाराम कुमावत, शिव मंडल अध्यक्ष उदयराज सेजू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


