भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम कुसुमकसा के पास जमही रेलवे अंडरब्रिज में 31 दिसंबर को हुए दर्दनाक हादसे का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया में वायरल होता रहा। सोमवार को टीआई ने संबंधित घटना बालोद जिले की होने की पुष्टि की है। घटनास्थल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर लगभग 40 फीट गहरे रेलवे अंडरब्रिज से नीचे रेल पटरी पर गिर गए। एक युवक पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा युवक पास की नाली में पानी के बीच गिरा। दोनों युवकों के पैर टूट गए। पटरी पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने युवकों को नीचे गिरा देखा और तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद उन्होंने 112 पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी। दल्लीराजहरा टीआई संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि यह घटना 31 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे की है। भिलाई पावर हाउस के रहने वाले चार युवक दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा पिकनिक मनाने आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम कुसुमकसा के पास जम्ही रेलवे अंडरब्रिज में तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक सीधे नीचे गिर पड़े। घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बालोद जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किए हैं। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने में रखे है। परिजनों के आने का इंतजार है। प्रत्यक्षदर्शी लोको पायलट योगेश देशमुख ने बताया कि कुसुमकसा स्टेशन से आगे बढ़ते समय उन्हें लगा कि पटरी पर कोई है। उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी। रेल पटरी के पास एक बाइक भी गिरी हुई दिखाई दी। जब वे बाइक सवार युवक के पास पहुंचे, तभी दूसरी ओर से मदद की आवाज आई। 112 पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी और रेलवे के अन्य कर्मचारियों को भी घटना की जानकारी दी। इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।


