भास्कर न्यूज | गरियाबंद दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र नागपुर जोन द्वारा हैदराबाद के शिल्पारामम में आयोजित लोक कला यात्रा 2025 में छत्तीसगढ़ के लोक सांस्कृतिक दल ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। गरियाबंद के प्रेम यादव के नेतृत्व में पहुंचे सांस्कृतिक दल ने अपने शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का आयोजन 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ के अलावा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों के सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया। इसमें गरियाबंद जिले से प्रेम यादव के नेतृत्व में पहुंची लोक संस्कृति पारंपरिक लोक नृत्य संस्था की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। 15 सदस्यीय टीम ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सुगम वाद्य यंत्रों के साथ मंच पर जीवंत प्रस्तुति दी। दर्शक उनकी नृत्य मुद्राओं और संगीत की ताल पर झूमते नजर आए। दर्शकों ने उत्साहपूर्वक छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की सराहना की। मालूम हो कि प्रेम यादव की टीम पहले भी दिल्ली लालकिला, उत्तराखंड, जयपुर, हैदराबाद और प्रदेश के विधानसभा भवन सहित कई राष्ट्रीय मंचों पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा चुकी है। टीम ने 15 अगस्त को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुति दी थी। इसके अलावा प्रदेश के विधानसभा भवन और मुख्यमंत्री निवास जैसे अनेक महत्वपूर्ण स्थलों पर भी शानदार प्रस्तुतियाँ दी हैं। दल प्रमुख प्रेम यादव के नेतृत्व में छगन यादव, प्रहलाद यादव, उत्तम यादव, मुकेश यादव, झंकार यादव, टंकेश्वर यादव, चम्मन यादव, जोहत राम, राधेश्याम यादव, सावित्री यादव, चेतना यादव, किरण, सरोज, गूंजा, खुशलता, राजदुलारी और अजय यादव ने अपनी-अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


