लोक नृत्य और शिव-पार्वती विवाह ने बांधा समां

भास्कर न्यूज | कोरबा महाशिवरात्रि पर केराझरिया पंचायत के मैदान में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का रविवार रात उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम अरुण साव नहीं पहुंचे। महोत्सव में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के साथ ही आधुनिक गीतों का संगम देखने को मिला। उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि जिले के साथ पूरा देश शिव भक्तिमय हो गया है। यह गौरव की बात है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव को याद करते हुए महोत्सव मना रहे हैं। पाली में हर साल 15 दिन का मेला भी लगता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जिला विकास के प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सभी की मनोकामना पूरी करें। समारोह में पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, गोपाल मोदी, मनोज शर्मा, डॉ. राजीव सिंह मौजूद रहे। महोत्सव में छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य कठपुतली नृत्य ने समा बांधा। स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल पाली के छात्र-छात्राओं ने शिव विवाह की मनमोहक प्रस्तुति दी। देर रात प्रसिद्ध लोक और भक्ति गायक हंसराज रघुवंशी, बॉलीवुड सिंगर मीत ब्रदर्स, सलमान अली और खुशबू अग्रवाल के गीतों से लोग झूमते रहे। स्वागत भाषण कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दिया। इस मौके पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समापन आज, अनुज शर्मा और कनिका कपूर प्रस्तुति देंगे: पाली महोत्सव का समापन 16 फरवरी को शाम 7 बजे होगा। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ी गायक अनुज शर्मा, बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही स्थानीय कलाकार भी गीत-संगीत प्रस्तुत करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *