नागझिरी में पीएचई की पाइपलाइन के ऊपर गुरुवार को बिजली का पोल गाड़कर लोनिवि ने लाइन फोड़ दी थी। अब मामले में पीएचई ने हाथ खींच लिए है। पीएचई ने लोनिवि के जिम्मेदारों को पत्र लिखकर फोड़ी गई पाइपलाइन को जोड़ने को कहा है। खास बात यह कि लोनिवि के पास सुधार के लिए शनिवार दोपहर तक का वक्त है, क्योंकि शाम को इस लाइन से क्षेत्र में जलप्रदाय का टर्न है। यदि समय रहते लाइन नहीं सुधारी गई तो फिर से काफी पानी बह जाएगा। बड़ी समस्या यह होगी कि क्षेत्र में पेयजल की किल्लत गहरा जाएगी, क्योंकि यह लगातार दूसरा टर्न रहेगा, जब क्षेत्रवासियों को पानी नहीं मिलेगा। पीएचई के उपयंत्री संतोष दायमा ने बताया लोनिवि के अधिकारियों से मौखिक चर्चा भी हुई है। उन्होंने लाइन जोड़ने की बात कही है। उज्जैन-देवास फोरलेन के शहरी क्षेत्र में सड़क निर्माण काम लोनिवि के पास है। इसी कार्य के चलते गुरुवार लाइन फूट गई थी।


